कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में रविवार को जिले के सभी सर्किल स्तर पर परिवार जागृति विकेन्द्रित परिवार परामर्श केंद्रों का आयोजन किया गया। इस दौरान पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की संवेदनशीलता और धैर्य के साथ काउंसलिंग की गई।
अकबरपुर, रसूलाबाद, डेरापुर, भोगनीपुर और सिकंदरा सर्किल में आयोजित केंद्रों पर प्रशिक्षित महिला परामर्शदाताओं, महिला सुरक्षा दल और पुलिस अधिकारियों ने मामलों की सुनवाई की। आपसी संवाद और समझौते के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अकबरपुर में 3, भोगनीपुर में 1, डेरापुर में 1 और सिकंदरा में 1, यानी कुल 6 परिवारों में आपसी सहमति से समझौता कराया गया। इसके बाद परिवारों को फिर से एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया गया।
वहीं, शेष मामलों में प्रभावी काउंसलिंग करते हुए अगली तिथि निर्धारित की गई। पुलिस द्वारा परिवार जागृति केंद्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों का संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण से समाधान कराने का प्रयास लगातार जारी है।









