डीएम-एसपी ने छात्र-छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली, कृमि मुक्ति अभियान का किया शुभारंभ

 

10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 14 अगस्त को होगा मॉप-अप राउंड; जनपद में 8.37 लाख से अधिक एल्बेंडाजोल टेबलेट उपलब्ध

जालौन। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को अपने सामने एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन कराया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से स्वच्छता अपनाने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दवा का सेवन करने के प्रति जागरूक किया। जिलाधिकारी ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास में बाधा का प्रमुख कारण बन सकता है। समय से एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन कराकर बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लक्षित आयु वर्ग के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा दवा से वंचित न रहने पाए।जिलाधिकारी ने अभियान में लगे सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें और किसी भी लक्षित बच्चे के दवा सेवन से वंचित रहने की स्थिति न आए। अभियान की सतत निगरानी एवं प्रभावी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एचएन प्रसाद ने बताया कि जनपद में अभियान के लक्ष्य के अनुरूप सभी ब्लॉकों के पीएचसी/सीएचसी पर 8,37,100 एल्बेंडाजोल टेबलेट उपलब्ध करा दी गई हैं। सभी संबंधित विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए सरकारी/सरकारी सहायता प्राप्त/प्राइवेट विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा एल्बेंडाजोल टेबलेट संबंधित ब्लॉक पीएचसी/सीएचसी से प्राप्त कर लक्षित बच्चों को खिलाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान किसी भी कारण से दवा लेने से छूटे बच्चों को मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल टेबलेट का सेवन कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार आदि सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें