कानपुर देहात। श्रावण मास, कांवड़ यात्रा एवं शिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, प्रमुख शिव मंदिरों एवं संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन, यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती का समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख मार्गों एवं मंदिरों के आसपास लगातार पुलिस भ्रमण और प्रभावी पेट्रोलिंग करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने को कहा गया। सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर सतर्कता बरतने और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्थानीय आयोजकों एवं कांवड़ समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।









