उरई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जनपद जालौन में 1 से 7 अगस्त तक व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री माताओं, परिवार के सदस्यों तथा समुदाय को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा प्रत्येक नवजात शिशु को जीवन की सर्वोत्तम शुरुआत सुनिश्चित करना है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जनपद जालौन के निर्देशन में समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं जिला महिला चिकित्सालय में विशेष जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा गृह भ्रमण, परामर्श सत्र, समूह बैठकें तथा स्वास्थ्य संस्थानों में स्तनपान संबंधी परामर्श प्रदान किया जा रहा है।अभियान के दौरान माताओं को जन्म के प्रथम घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करने, जन्म से छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा छह माह के बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष अथवा उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि माँ का दूध नवजात शिशु के लिए संपूर्ण एवं सर्वोत्तम आहार है, जो उसे संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करता है तथा उसके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्तनपान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करें तथा प्रत्येक धात्री माता को परिवार एवं समाज का पूर्ण सहयोग प्रदान करें, जिससे प्रत्येक नवजात को स्वस्थ जीवन की मजबूत शुरुआत मिल सके।











