औरैया के बिधूना में छात्र-छात्राओं और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बेला रोड स्थित एक होटल को बिना वैध फायर NOC के संचालित पाए जाने पर सील कर दिया।
जांच के दौरान कई कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों में भी गंभीर खामियां मिलीं। अधिकांश संस्थानों में पर्याप्त अग्निशमन यंत्र नहीं थे, आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं मिली और एक लाइब्रेरी बिना पंजीकरण के संचालित होती पाई गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि संबंधित संस्थानों को कमियां दूर करने के लिए समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









