कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजनान्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अकबरपुर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आई०एच० खान की अध्यक्षता में नवजात बालिकाओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच रखने हेतु महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुये कन्या जन्मोत्सव को बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा 06 नवजात बालिकाओं को बेबी केयर किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक प्रतिमा श्रीवास्तव द्वारा महिला कल्याण विभाग से संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत आवेदन हेतु सभी पात्र बालिकाओं को विभिन्न श्रेणीयों में आवेदन करने हेतु जागरूक किया गया साथ ही महिलाओं को पुरुषों के समकक्ष समझा जाये, बेटा-बेटी में किसी प्रकार का भेद-भाव न किया जाये और बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिये प्रेरित किया जाये तथा कन्या भ्रूण हत्या के प्रति महिलाओं व पुरुषों को जागरूक करते हुये विभाग द्वारा चलाई जा रही लाभकारी योजनाओं के विषय में जानकारी देते हुये पोस्टर व पम्पलेट्स वितरित किये गये। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ०रानी देवी एवं स्टाफ नर्स व जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्रतिमा श्रीवास्तव जिला मिशन समन्वयक, जेण्डर स्पेशलिस्ट निधि यादव एवं बालिकाओं के माता-पिता व प्रशिक्षु आदि उपस्थित रहे।









