कानपुर देहात। मंगलपुर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को पुराने विवाद के चलते ऑटो चालक चाँदबाबू पर लाठी-डंडों और चाकू से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी प्रद्युम्न प्रताप सिंह (19), निवासी कस्बा मंगलपुर, को पाठक की आटा चक्की के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।









