कानपुर देहात। जिला क्रीडा अधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं हेतु जिला, मण्डल एवं प्रदेश स्तरीय चयन/ट्रायल्स कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों में कार्यरत सरकारी कर्मचारियों को खेल प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराने की व्यवस्था करना है।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर चयन/ट्रायल्स का आयोजन जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा किया जाएगा, जबकि मण्डल स्तरीय चयन/ट्रायल्स ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर में आयोजित होंगे। मण्डल स्तर पर चयनित खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत टेनिस, वॉलीबॉल, तैराकी, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी, शतरंज, भारोत्तोलन एवं बेस्ट फिजिक, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कैरम, ब्रिज, कुश्ती, पावर लिफ्टिंग, क्रिकेट, हॉकी, खो-खो तथा योगासन सहित कुल 19 खेलों में चयन/ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। टेनिस प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल्स 06 अगस्त 2026 को तथा मण्डल स्तरीय ट्रायल्स 12 एवं 13 अगस्त 2026 को आयोजित होंगे। प्रदेश स्तरीय ट्रायल्स 19 एवं 20 अगस्त 2026 को श्रावस्ती में संपन्न होंगे। अन्य खेलों की तिथियां खेल निदेशालय द्वारा पृथक रूप से निर्धारित की जाएंगी।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में केवल पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी ही प्रतिभाग कर सकेंगे। स्वायत्तशासी संस्थाओं, परिषदों, बोर्डों, नगर निगमों, पंचायतों तथा पुलिस विभाग के शिक्षक एवं सहायक अध्यापक वर्ग के कर्मचारी इसमें पात्र नहीं होंगे। चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले सरकारी कर्मचारियों को अपने विभाग से विधिवत अनुमति-पत्र प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि जिला, मण्डल एवं प्रदेश स्तरीय चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को ड्यूटी पर माना जाएगा तथा यात्रा भत्ता एवं अन्य देय भुगतान संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार किया जाएगा।
इच्छुक पात्र सरकारी कर्मचारी अपने विभाग से अनुमति-पत्र प्राप्त कर जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में संपर्क कर सकते हैं तथा निर्धारित तिथियों पर चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग कर सकते हैं।











