श्रावण में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए कानपुर देहात में खाद्य विभाग की सख्ती, मंदिरों के आसपास होटलों-ढाबों की जांच

कानपुर देहात। श्रावण माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष जांच अभियान शुरू किया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास स्थित होटल, ढाबों और भोजनालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर ‘फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप’ का साइनेज लगवाया गया, ताकि श्रद्धालु भोजन की गुणवत्ता को लेकर सीधे अपनी शिकायत या फीडबैक दर्ज करा सकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खराब फीडबैक मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान व्यापारियों को प्रसाद एवं खाद्य पदार्थों की शुद्धता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम-2006 के अनुसार ही रंगों का प्रयोग करने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने तथा श्रावण मेले के दौरान मांस और अंडे की बिक्री पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए।
यह अभियान वाणेश्वर मंदिर जिनई बनीपारा, धर्मगढ़ बाबा मंदिर रसूलाबाद, झाड़ी बाबा नबीपुर और बाबा कलेश्वर धाम अमरौधा समेत कई धार्मिक स्थलों के आसपास चलाया गया। जांच टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम बिहारी, दिनेश चन्द्र, महेन्द्र नाथ सिंह यादव और डॉ. राम तेज शामिल रहे। यह जानकारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय राम अक्षवर वैश्य ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें