पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा पुखरायां में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। आरोप है कि विभाग द्वारा लाइनमैनों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए बिना ही बिजली के खंभों पर कार्य कराया जा रहा है। कई कर्मचारी बिना सुरक्षा दस्तानों (इंसुलेटेड ग्लव्स) एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा साधनों के विद्युत कार्य करते देखे गए, जिससे उनके जीवन पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
वर्तमान में बरसात का मौसम होने के कारण बिजली के खंभों, तारों एवं आसपास के क्षेत्रों में करंट फैलने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे समय में बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य करना किसी बड़े हादसे को निमंत्रण देने के समान है। यदि किसी कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह भी एक बड़ा प्रश्न है।
स्थानीय लोगों एवं कर्मचारियों का कहना है कि विद्युत विभाग को चाहिए कि सभी लाइनमैनों को गुणवत्ता युक्त सुरक्षा दस्ताने, हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड जूते तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपनी सेवाएं दे सकें।
क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सभी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।












