जिलाधिकारी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा।

 

कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह के निर्देशन में जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु की गई तैयारियों की समीक्षा के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)  दुष्यंत कुमार मौर्य ने उप जिलाधिकारी भोगनीपुर एवं तहसीलदार भोगनीपुर के साथ तहसील भोगनीपुर क्षेत्र के संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने ग्राम चपरघटा, आढन पथार, क्योटरा, ट्योंगा तथा रामपुरा सहित अन्य संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की संभावित परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीण तत्काल अपने निकटवर्ती राजस्व कर्मियों, पुलिस चौकी, तहसील प्रशासन अथवा कंट्रोल रूम से संपर्क करें, ताकि समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नावों, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाओं, पशु चिकित्सा सेवाओं, पेयजल व्यवस्था तथा आवश्यक खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा जलस्तर में वृद्धि होने की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी भोगनीपुर, तहसीलदार भोगनीपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें