आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही के दिये निर्देश।
कानपुर देहात – सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने, सड़क किनारे एवं मार्गों पर अवरोधों को हटाने, यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सुरक्षा संकेतकों एवं चेतावनी बोर्डों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। बैठक में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कांवड़ मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा मार्गों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड एवं यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 जय गोविंद, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष, क्षेत्राधिकारी यातायात, परिवहन विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीडब्लूडी विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











