मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत विशेष गोवंश सुपुर्दगी अभियान को मिशन मोड में संचालित करें – जिलाधिकारी

 

20 जुलाई से 3 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान, पात्र किसानों व पशुपालकों तक पहुंचे योजना का लाभ, पारदर्शिता और नियमित सत्यापन के दिए निर्देश

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत संचालित होने वाले विशेष गोवंश सुपुर्दगी अभियान को पूरी गंभीरता एवं मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी समस्त खण्ड विकास अधिकारी सहित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 20 जुलाई 2026 से 3 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक पात्र किसानों एवं पशुपालकों को योजना से जोड़ते हुए निराश्रित गोवंशों की सुपुर्दगी सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार जनसंपर्क माध्यमों तथा स्थानीय स्तर पर किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना की समुचित जानकारी मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश सुपुर्दगी की समस्त प्रक्रिया शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुपुर्द किए गए गोवंशों का नियमित सत्यापन एवं अनुश्रवण किया जाए तथा उनके स्वास्थ्य, संरक्षण और समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। अभियान की प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट समयबद्ध रूप से शासन को उपलब्ध कराई जाए तथा सुपुर्दगी के उपरांत लाभार्थियों का विवरण तत्काल पोर्टल पर दर्ज किया जाए, जिससे उन्हें समय से भरण-पोषण की धनराशि प्राप्त हो सके।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन में महिलाओं एवं कुपोषित परिवारों को प्राथमिकता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की योजना का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता से कार्य करें, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से प्राप्त किए जा सकें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें