राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन पर किया गया विस्तृत विचार-विमर्श
कानपुर देहात– जनपद में मतदाताओं को सुगम एवं सुचारु मतदान सुविधा उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह द्वारा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गयी। इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला एवं विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार विशेष रूप से उपस्थित रहीं। बैठक में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
बैठक में मतदेय स्थलों के प्रस्तावित सम्भाजन के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को सहज एवं सुगम मतदान की सुविधा उपलब्ध हो, इसे दृष्टिगत रखते हुए मतदेय स्थलों का युक्तिसंगत सम्भाजन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों का परीक्षण करते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के सम्भाजन की प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमसम्मत ढंग से संपादित की जाएगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में जनसामान्य का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों के निर्धारण एवं सम्भाजन के दौरान मतदाताओं की संख्या, भौगोलिक परिस्थितियों, आवागमन की सुविधा तथा मतदान केन्द्रों की आधारभूत व्यवस्थाओं सहित सभी निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी मतदाता को अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े और दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधाओं का भी समुचित ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगणों में सपा से डा0 नरेन्द्र सिंह, शेखू खान, बृजमोहन सिंह, भाजपा से श्याम बिहारी शुक्ला, श्यामू शुक्ला, आप पार्टी से भगवान सिंह यादव, बीएसपी से आशुतोष गौतम, सीपीआई से रामऔतार भारती आदि सहित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भोगनीपुर देवेन्द्र सिंह, अकबरपुर राजकुमार पाण्डेय, सिकन्दरा प्रदुमन, रसूलाबाद अभिषेक कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी गिरिवर प्रसाद उपस्थित रहे।













