जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक सम्पन्न, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शत-प्रतिशत नामांकन पर दिया विशेष जोर

कानपुर देहात – जिलाधिकारी  कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग के जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में संचालित बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना रहा।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ड्रॉप आउट बच्चों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाते हुए पुनः विद्यालयों से जोड़ा जाए तथा ग्राम स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सभी संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में निर्धारित समयावधि में धनराशि पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण सभी विद्यार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर मिलने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का शिक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। बैठक में जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि विद्यालयों में केवल नामांकन बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में नियमित एवं प्रभावी शिक्षण कार्य सुनिश्चित करायें। बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार हेतु कक्षा आधारित गतिविधियों, नवाचारी शिक्षण विधियों, सतत मूल्यांकन तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक समय से विद्यालय पहुंचें तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पठन-पाठन कराएं। विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ करने, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने तथा परिणामों में सुधार हेतु नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, वहां नियमित रूप से स्मार्ट क्लासेस संचालित की जाएं। डिजिटल माध्यमों एवं तकनीक आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग बच्चों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। बैठक में जनपद में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में अपेक्षित गति लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करें। जिलाधिकारी ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि चिन्हित जर्जर भवनों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जर्जर भवनों में कक्षाओं का संचालन न किया जाए। साथ ही विद्यालय परिसरों के निकट अथवा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को नियमानुसार स्थानांतरित कराने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, जिससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने समस्त विकास खण्डों में नवीन आवासीय बालिका विद्यालयों की स्थापना हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में अपर आईडी, यू-डायस, मध्यान्ह भोजन योजना भुगतान, छात्र उपस्थिति, विद्यालयी आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष पाण्डेय, उप जिलाधिकारीगण, जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें