कानपुर देहात – उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने गुरुवार को भगवान श्री परशुराम मंदिर परिसर स्थित जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान रनिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 बजरंग नगर निवासी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी कन्हैयालाल पुत्र जौहरीलाल ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद लेखपाल द्वारा उनके आवास का सर्वे नहीं किया गया है। इस पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने तत्काल रनिया के लेखपाल सचिन गौतम से दूरभाष पर वार्ता कर शीघ्र सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं रनिया कस्बे के राजेंद्र चौराहा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों ने अपनी दुकानों को हटाए जाने से आजीविका पर संकट की बात रखी। राज्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक पंकज यादव को पत्र लिखकर दुकानदारों के हितों का ध्यान रखते हुए उन्हें यथासंभव सहूलियत प्रदान करने एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के लिए निर्देशित किया। मैथा क्षेत्र के नौबस्ता ग्राम निवासी शिवकांती पाल ने शिकायत करते हुए बताया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके परिवार के साथ मारपीट की गई, जिसमें परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए। पीड़ितों का आरोप था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली में न तो उनका समुचित उपचार हुआ और न ही मेडिकल परीक्षण कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय गोविंद को पत्र भेजकर तत्काल मेडिकल परीक्षण एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान पुलिस, राजस्व, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, जल निकासी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। इस अवसर पर संजय पांडेय, प्रमोद सिंह चंदेल, बीनू मिश्रा, सोनू मिश्रा, अरविंद द्विवेदी, बउवन द्विवेदी, पप्पू तिवारी, रामजी तिवारी, रवि कुशवाहा, विमल दुबे, विद्याशंकर कुशवाहा, शिवम पाल, हिमांशु पाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।













