पुखरायां कानपुर देहात – आगामी 20 जुलाई को बरौर
स्थित शुक्ला गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सफल बनाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश महामंत्री राघव अग्निहोत्री ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
इसी क्रम में राघव अग्निहोत्री ने अपने साथियों के साथ क्षेत्र के कई गांवों का दौरा कर ब्राह्मण समाज के लोगों से संपर्क किया तथा अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन समाज की एकजुटता, संगठन के विस्तार और सामाजिक हितों पर विचार-विमर्श के लिए महत्वपूर्ण होगा।
राघव अग्निहोत्री ने बताया कि इस प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष यूपी रत्न पंडित राजेंद्र त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे ब्राह्मण समाज की वर्तमान परिस्थितियों, समाज के सर्वांगीण विकास, संगठन को अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने तथा समाज को एक नई दिशा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखेंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस विचार मंथन का हिस्सा बनने की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्राम थनवापुर, आशापुरवा दुर्जनपुरवा, जगम्मनपुर, सहारनपुर, रायरामपुर एवं बरगवां सहित कई गांवों में पहुंचकर ब्राह्मण समाज के सैकड़ों लोगों से मुलाकात की गई तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने सम्मेलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी गोविंद तिवारी, सुभाष मिश्रा, जयदीप तिवारी, लल्लन पांडेय, विकास त्रिपाठी, कमलेश त्रिपाठी, जगन्नाथ मिश्रा, अतुल मिश्रा, शिवकुमार द्विवेदी, सुधीर प्रधान, कल्लू शुक्ला, उमाकांत द्विवेदी, रामबाबू मिश्रा, रामचंद्र द्विवेदी, दिनेश चंद्र त्रिपाठी, पवन मिश्रा एवं राजकुमार द्विवेदी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे 20 जुलाई को बरौर स्थित शुक्ला गेस्ट हाउस में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाएं।













