वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

नवीन गल्ला मंडी, आटा में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के दिए निर्देश

जालौन – जनपद में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने नवीन गल्ला मंडी के समीप आटा में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वृक्षारोपण स्थल का जायजा लेते हुए तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पौधरोपण स्थल की तैयारियों, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, बैठक व्यवस्था तथा आगंतुकों की सुविधा से जुड़े सभी बिंदुओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का जनआंदोलन है। प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता से करे, ताकि कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायी बने।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण कर लिया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने वृक्षारोपण अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें