भोगनीपुर, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट भोगनीपुर तहसील सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूनम करुणाशंकर दिवाकर (अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पुखरायां) रहीं। विशिष्ट अतिथियों में देवेंद्र सिंह (उपजिलाधिकारी), ईश्वरकांत (बी.ई.ओ., अमरौधा), कामिनी पाल (प्रधानाचार्या, जी.जी.आई.सी.) तथा करुणाशंकर दिवाकर (अध्यक्षपति, नगर पालिका परिषद पुखरायां), रवि द्विवेदी (कार्यक्रम संचालक) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पूनम करुणाशंकर दिवाकर द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना प्रदेशवासियों, विशेषकर पात्र लाभार्थियों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी पहल है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने योजना के सफल क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक इसका लाभ पहुँचाने का संकल्प लिया। यह योजना “स्वस्थ नागरिक, समृद्ध उत्तर प्रदेश” की संकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।














