कानपुर देहात/पुखरायां। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ जननेता, पूर्व विधायक एवं पूर्व सांसद प्यारेलाल संखवार का पार्थिव शरीर जैसे ही दिल्ली से उनके पैतृक निवास वार्ड नंबर 3, पुखरायां पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए मोहल्ले के लोगों, जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का उनके आवास पर पहुंचना लगातार शुरू हो गया।
पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग अपने प्रिय जननेता को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी विदाई दे रहे थे। बड़ी संख्या में समर्थकों, शुभचिंतकों और आम नागरिकों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि देने पहुंचे नेताओं एवं गणमान्य लोगों ने कहा कि प्यारेलाल संखवार ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, सामाजिक सौहार्द और गरीब, दलित, पिछड़े तथा अल्पसंख्यक समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके निधन से भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे कानपुर देहात ने एक अनुभवी, संघर्षशील और लोकप्रिय जननेता को खो दिया है।
परिजनों के अनुसार, स्वर्गीय प्यारेलाल संखवार की अंतिम यात्रा बुधवार प्रातः लगभग 9:00 बजे उनके पैतृक निवास वार्ड नंबर 3, पुखरायां से हालिया स्थित यमुना नदी घाट के लिए रवाना होगी, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
फिलहाल उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
संवाददाता
मोहम्मद फरीद शाह














