अधिकारियों ने खुद आगे बढ़कर बढ़ाया रेडक्रॉस का कारवां, तीन दर्जन से अधिक ने ली सदस्यता

 

डीएम राजेश कुमार पाण्डेय और एसपी विनय कुमार सिंह ने स्वयं सदस्य बनकर दिया सेवा और मानवता का संदेश

जालौन। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सेवा, संवेदना और मानवीय सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में चल रहे सदस्यता अभियान को उस समय नई मजबूती मिली, जब अधिकारियों ने स्वयं आगे बढ़कर इसकी सदस्यता ग्रहण की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने स्वयं रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता लेकर अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों से प्रेरित होकर लगभग तीन दर्जन से अधिक सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सदस्यता ग्रहण की। प्रत्येक सदस्य द्वारा 1,160 रुपये का सदस्यता शुल्क जमा किया गया।जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानव सेवा, संवेदना और संकट की घड़ी में जरूरतमंदों का सहारा बनने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग के साथ अधिकारी एवं कर्मचारी सेवा भावना से रेडक्रॉस से जुड़ें तो आपदा, दुर्घटना अथवा किसी भी विपरीत परिस्थिति में जरूरतमंदों तक राहत और सहायता अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने रेडक्रॉस के मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवा का संदेश तभी अधिक प्रभावी होता है, जब उसकी शुरुआत स्वयं से की जाए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों का यह सामूहिक जुड़ाव रेडक्रॉस की गतिविधियों को जनपद में और व्यापक बनाने के साथ ही समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगा। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वेच्छा से सदस्यता ग्रहण किए जाने से रेडक्रॉस के सदस्यता अभियान को नई ऊर्जा मिली। प्रशासनिक अधिकारियों के इस पहल से समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी रेडक्रॉस से जुड़कर मानव सेवा के कार्यों में सहभागी बनने का प्रेरक संदेश मिला है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें