अकबरपुर में जनता दर्शन: मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

अकबरपुर (कानपुर देहात)। क्षेत्रवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से गुरुवार को अकबरपुर स्थित मालती गेस्ट हाउस में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता करते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि अन्य प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए निर्देशित किया। जनता दर्शन में बिजली, पेयजल, सड़क, जल निकासी, चिकित्सा, राजस्व और सामाजिक कल्याण से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। ग्राम बिगाही निवासी राजबहादुर ने गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने तथा सड़क पर गंदा पानी भरे रहने की समस्या उठाई। इस पर मंत्री ने खंड विकास अधिकारी अकबरपुर से फोन पर वार्ता कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जलालपुर नागिन निवासी 12 वर्षीय राखी ने पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जिला प्रोबेशन अधिकारी रेनू यादव को निर्देशित किया कि राखी तथा उसके नौ वर्षीय भाई आर्यन को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। सरियापुर निवासी छूटकऊ तिवारी ने भूमि पैमाइश का मामला रखा, जिस पर मंत्री ने उपजिलाधिकारी अकबरपुर राजकुमार पांडेय को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा पत्र भी प्रेषित किया। वहीं मोहम्मदपुर तोड़ा निवासी राहुल कुमार ने गांव में लगभग 150 मीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने आश्वस्त किया कि प्रस्ताव के अनुसार सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण कराया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान बउवा पांडेय, श्यामबिहारी पांडेय, नरेंद्र तिवारी, सरमन तिवारी, महेश राजावत, शिव सिंह नायक, हरिओम द्विवेदी, शिवा पांडेय, रामजी तिवारी, राहुल, घनश्याम शुक्ला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें