कानपुर देहात। बरौर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की जबरन कराई जा रही शादी को पुलिस ने समय रहते रुकवा दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बालिका का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) प्रभारी निरीक्षक रीना गौतम, बरौर थाना पुलिस, जिला प्रोबेशन कार्यालय, चाइल्ड हेल्पलाइन और वन स्टॉप सेंटर की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
रेस्क्यू की गई बालिका को आगे की कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्देशानुसार उसके संरक्षण और कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
कानपुर देहात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध और सामाजिक कुरीति है। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस, डायल 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।











