कानपुर देहात में नवीन मॉडर्न थाना झींझक भवन का पुलिस विभाग को हस्तांतरण किए जाने से पहले जिलाधिकारी द्वारा गठित भवन हस्तांतरण समिति ने मंगलवार को भवन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, कार्य की पूर्णता तथा उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का परीक्षण करना था।
समिति में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिशासी अभियंता तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदस्य के रूप में शामिल रहे। समिति ने थाना भवन के कार्यालय कक्ष, अभिरक्षा कक्ष, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, जल निकासी और परिसर विकास सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली गई। समिति ने निर्देश दिए कि यदि कोई तकनीकी या अन्य कार्य शेष है तो उसे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि थाना भवन का समयबद्ध हस्तांतरण सुनिश्चित हो सके और आधुनिक सुविधाओं के साथ पुलिस कार्यों का संचालन जल्द शुरू किया जा सके।











