कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना दर्ज होने के मात्र चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना मंगलपुर में मोहित कुमार, नाथूराम और राहुल के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मोहित कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्राम जैतापुर, थाना मंगलपुर को हवासपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।













