कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के तहत 237 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर चलते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित वाहन चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













