कानपुर देहात में बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भोगनीपुर पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने एक नाबालिग लड़की की शादी समय रहते रुकवा दी। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सूचना मिलने पर संयुक्त टीम तत्काल थाना क्षेत्र के श्री बेटालाल गेस्ट हाउस पहुंची, जहां नाबालिग का विवाह कराया जा रहा था।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने विवाह की प्रक्रिया तत्काल रुकवाई और नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे आवश्यक विधिक एवं परामर्श प्रक्रिया के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर दीपक कुमार, वन स्टॉप सेंटर प्रबंधक निधि सचान और एएचटीयू थाना प्रभारी रीना गौतम के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की रिपोर्ट के आधार पर मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा की सूचना तत्काल प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।









