कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 242 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट का प्रयोग न करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









