बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जालौन में मातृ एवं बाल कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के लिए महत्वकांक्षी ’’सम्भव 6.0’’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। त्रैमासिक आधार पर चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, नवजात शिशु और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार कर पोषण सुरक्षा को मजबूत करना है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा जिला पोषण समिति की बैठक दिनांक 29.06.2026 में सम्भव अभियान 6.0 के आयोजन हेतु बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग व शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। जिसमें निर्देशित किया गया कि सम्भव अभियान की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर सभी विभाग समन्वित प्रयासों से अभियान को सफलतापूर्वक आयोजित कराये तथा अभियान के दौरान विशेष पोषण पाठशालाएं आयोजित करायें, जहां लाभार्थियों व उनके परिवारजन को संतुलित आहार और शिशु देखभाल की जानकारी दी जायेगी।
बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश यादव द्वारा सम्भव अभियान 6.0 के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों एवं कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया। साथ ही आईसीडीएस एवं स्वास्थ्य व पंचायती राज विभाग के बीच समन्वय, ग्राम पंचायत स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने तथा अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान के दौरान 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत वजन एवं लंबाई मापन कराया जाएगा, गंभीर कुपोषित (ै।ड) बच्चों की पहचान कर उनका स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही आवश्यक छः प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराकर उन्हें कुपोषण की गंभीर श्रेणी से बाहर लाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गर्भवती एवं धात्री माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, गर्भावस्था के दौरान वृद्धि निगरानी तथा पोषण ट्रैकर ऐप पर आंकड़ों का फीडिंग कार्य किया जाएगा। छः माह से अधिक आयु के बच्चों के अभिभावकों को पूरक आहार एवं उचित पोषण संबंधी जानकारी देकर जागरूक भी किया जायेगा।









