पुखरायां। नगर पालिका परिषद पुखरायां के बैंक्विट हॉल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा भोगनीपुर विधानसभा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रणनीति तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक शक्ति उसका मजबूत बूथ संगठन है। बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता एवं समर्पण ही पार्टी की सफलता का आधार है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों को और अधिक मजबूत बनाते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का कार्य करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य धरोहर है तथा बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की सफलता सुनिश्चित करती है। सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव अग्निहोत्री, राजेन्द्र सिंह चौहान एवं श्याम सिंह सिसोदिया ने भी संगठन की मजबूती और बूथ प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने भोगनीपुर विधानसभा के समस्त बूथ अध्यक्षों को पटका पहनाकर सम्मानित किया तथा संगठन के प्रति उनके समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। सम्मान पाकर बूथ अध्यक्षों ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन में सौरभ मिश्रा (जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक), मुकुल पाण्डेय (मंडल अध्यक्ष, पुखरायां), नीरज पाण्डेय , करुणाशंकर दिवाकर , सतीश शुक्ल , डिम्पल सचान , अम्बरीश अग्निहोत्री , अनिरुद्ध सिंह , शैलेन्द्र कुशवाहा , अतेंद्र कटियार , राहुल निषाद , जय सिंह , महेश शंखवार , प्रमोद त्रिपाठी , मोनू चक, सचिन सचान , रवि यादव , आशीष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन का समापन संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।














