कानपुर देहात। जिला विद्यालय निरीक्षक, कानपुर देहात बृज भूषण चौधरी ने जनपद के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत, माध्यमिक विद्यालयों एवं स्ववित्तपोषित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि दिव्यांगजनों के लिए प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 हेतु अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन सुनिश्चित कराए जाएं।
उन्होंने बताया कि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वेबसाइट www.depwd.gov.in तथा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in पर पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं। पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन एवं नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों से अपील की है कि पात्र दिव्यांगजन, शिक्षकों एवं अन्य योग्य व्यक्तियों को इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक ऑनलाइन आवेदन कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि इस संबंध में की गई कार्रवाई से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भी अवगत कराया जाए, जिससे जनपद के पात्र व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिल सके।














