कानपुर देहात में रनियां थाना पुलिस ने मानवता और ईमानदारी का परिचय देते हुए बेहोशी की हालत में मिले एक व्यक्ति की जान बचाई और उसके पास मिले 35 हजार 630 रुपये सुरक्षित परिजनों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में गश्त के दौरान गजनेर-रायपुर मार्ग पर पुलिस टीम को एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत में सुधार हुआ। उसकी पहचान मलासा निवासी जितेन्द्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस को उसके पास से 35 हजार 630 रुपये नकद मिले, जिन्हें सुरक्षित रखते हुए परिजनों को बुलाकर विधिवत सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और ईमानदार कार्यवाही की परिजनों ने सराहना करते हुए रनियां पुलिस का आभार व्यक्त किया।













