कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 28 जून 2026 को चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 244 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













