कानपुर देहात उपजिलाधिकारी अकबरपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील अकबरपुर, कानपुर देहात के अंतर्गत मत्स्य पालन के लिए उपयुक्त तालाबों का 10 वर्षीय पट्टा/आवंटन सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह नीलामी 14 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे तहसील अकबरपुर स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित की जाएगी। नीलामी की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-61 तथा उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता नियमावली, 2016 के नियम 57 एवं 58 में निहित प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि पात्र व्यक्तियों को नीलामी के माध्यम से 10 वर्षों के लिए मत्स्य पालन हेतु तालाबों का पट्टा प्रदान किया जाएगा। नीलामी में प्रतिभाग करने वाले इच्छुक आवेदकों को ₹5,000 की जमानत धनराशि जमा करनी होगी। साथ ही आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र ऐसे होने चाहिए, जो विज्ञापन की तिथि से छह माह के भीतर जारी किए गए हों। निर्धारित शर्तों का पालन करने वाले पात्र अभ्यर्थियों को नीलामी प्रक्रिया में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
तहसील प्रशासन ने इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों से निर्धारित तिथि, समय एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर नीलामी में प्रतिभाग करने की अपील की है।













