कानपुर देहात में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध शासन की मंशा के अनुरूप सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। निदेशक, भूतत्व एवं खनिकर्म तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत दिनांक 24 जून 2026 को दोपहर से निदेशालय लखनऊ की टीम, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी कानपुर देहात एवं खान अधिकारी कानपुर देहात द्वारा संयुक्त रूप से कानपुर–झाँसी राजमार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उपखनिज (मौरम) के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग में संलिप्त वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान बिना वैध परिवहन प्रपत्र के मौरम का परिवहन करते पाए गए कुल 26 वाहनों के विरुद्ध ऑनलाइन चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 19,49,730 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को थाना भोगनीपुर में सीज कर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रारंभ की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में उपखनिज के अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













