झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले 6 लोगों पर मंगलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कानपुर देहात। डायल-112 और 1090 पर झूठी एवं भ्रामक सूचनाएं देकर पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ थाना मंगलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जांच में सामने आया कि ग्राम घनश्यामपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ लगातार डायल-112 पर झूठी शिकायतें दर्ज करा रहे थे।
पुलिस के अनुसार 18 जून और 20 जून को मारपीट की झूठी सूचनाएं दी गईं, जबकि 22 जून को लाठी-डंडों और गोली चलने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना मंगलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और गहन जांच की, जिसमें गोली चलने की सूचना पूरी तरह असत्य पाई गई।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों पक्ष पुलिस को गुमराह कर रहे थे और अनावश्यक रूप से पुलिस बल एवं संसाधनों का उपयोग करा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं पर केवल सही और तथ्यात्मक जानकारी ही दें, ताकि जरूरतमंद लोगों तक पुलिस सहायता समय पर पहुंच सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें