कानपुर देहात पुलिस का अपराधियों पर शिकंजा, चार वांछित और वारंटी गिरफ्तार, 38 लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई

कानपुर देहात में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस ने वांछित अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सिकंदरा थाना पुलिस ने हत्या से संबंधित मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त कमल सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की। वहीं मंगलपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से जुड़े पॉक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित अभियुक्त नवनीत और घटना में सहयोग के आरोप में वांछित अभियुक्ता गायत्री को गिरफ्तार किया। इसके अलावा मंगलपुर पुलिस ने एक अन्य मामले में वांछित अभियुक्त सोनू को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की।
उधर अकबरपुर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त कल्लू उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
इसके साथ ही जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों को रोकने के लिए पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 38 व्यक्तियों का चालान किया। इनमें अकबरपुर, रूरा, गजनेर, भोगनीपुर, मूसानगर, राजपुर, मंगलपुर, रसूलाबाद और शिवली थाना क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। इन सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
कानपुर देहात पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें