जालौन में दिखा योग का जनउत्साह, चार हजार लोगों ने निकाली पांच किलोमीटर जागरूकता रैली

 

टाउन हॉल से घंटाघर व रेलवे स्टेशन तक गूंजा योग का संदेश, प्रत्येक वार्ड से जुटे 100 से अधिक प्रतिभागी

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व सुबह पर जनपद मुख्यालय उरई में योग के प्रति अभूतपूर्व जनउत्साह देखने को मिला। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में नागरिक स्वयं सड़क पर उतरकर दूसरों को योग के प्रति जागरूक करते नजर आए। लगभग चार हजार लोगों ने टाउन हॉल से चौक, घंटाघर एवं रेलवे स्टेशन मार्ग होते हुए करीब पांच किलोमीटर लंबी भव्य जनजागरूकता रैली निकालकर स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया।
रैली को सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने टाउन हॉल परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में उरई के सभी वार्डों से 100 से अधिक लोगों की सहभागिता रही। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया। पूरे मार्ग में प्रतिभागी योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों से संबंधित संदेश देते हुए आगे बढ़े। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर नागरिकों ने रैली का स्वागत किया तथा योग के प्रति जागरूकता फैलाने के इस प्रयास की सराहना की। रैली के दौरान ऐसा प्रतीत हुआ मानो पूरा शहर योगमय वातावरण में रंग गया हो।
सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत ही नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले सामूहिक योग कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता यह दर्शाती है कि जनपद में योग के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखते हुए दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा, तभी स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। जनपद प्रशासन द्वारा आयोजित इस विशाल जनजागरूकता रैली ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ जालौन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें