कानपुर देहात प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने एवं किसानों को रसायनमुक्त कृषि की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से आज चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद कानपुर देहात के विकासखंड झींझक (ग्राम जसापुर) के प्रगतिशील एवं उन्नत कृषक फूल सिंह को सम्मानित किया गया।
फूल सिंह को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचारपूर्ण कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा अन्य किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रेरित करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। उनके प्रयासों से क्षेत्र में प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता बढ़ी है तथा किसानों को कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त करने की दिशा में प्रेरणा मिली है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को पर्यावरण संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन तथा किसानों की आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक किसानों से इसे अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से कृषि उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ भूमि की उर्वरा शक्ति भी सुरक्षित रहती है।
जनपद कानपुर देहात के लिए यह गौरव का विषय है कि जिले के एक कृषक को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इससे जनपद के अन्य किसानों को भी प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।














