“केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के स्वर्णिम अध्याय हैं” – संजय सिंह गंगवार
जालौन – केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सदर तहसील परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई भव्य विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में 41 विभागों द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित योजनाओं, उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी वृहद इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास, कानून व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल को “पहले और अब” की थीम पर प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में सूचना विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रभारी मंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत चार लाभार्थियों को 03 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र हेतु ₹1,08,000- 1,08,000 का अनुदान तथा एक लाभार्थी को 02 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र हेतु 90,000 का अनुदान स्वीकृति प्रदान की। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत 09 आईसीडीएस सुपरवाइजरों को कार्य दक्षता बढ़ाने हेतु सैमसंग मोबाइल फोन वितरित किए गए। डूडा विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत 07 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत 06 लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु 5-5 लाख के चेक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 03 पात्र लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न गतिविधियों के संचालन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कुल 6 करोड़ 24 लाख 90 हजार की वित्तीय सहायता के चेक प्रदान किए गए।
प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है और आज करोड़ों गरीब, किसान, महिलाएं, युवा एवं वंचित वर्ग इन योजनाओं से लाभान्वित होकर आत्मनिर्भर बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्वनिधि, सूर्यघर एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी जैसी योजनाएं आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उत्तर प्रदेश आज देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है तथा निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है। मा0 प्रभारी मंत्री जी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।
इस अवसर पर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












