कुठौंद जालौन। थाना कुठौंद के अंतर्गत शंकरपुर चौकी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब यमुना नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सुबह-सुबह मिली सूचना से मचा हड़कंप।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 7:00 बजे शंकरपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सनगढ़ के पास यमुना नदी के बालू घाट के किनारे एक युवती का शव बहकर आया है। घटना की सूचना जैसे ही प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे को मिली, उन्होंने तत्काल शंकरपुर पुलिस चौकी पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए और स्वयं भी मौके पर पहुँच गए।
पुलिस ने शव को नदी से निकलवाया गया।
मौके पर क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेई तथा प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे , चौकी प्रभारी शंकरपुर रामबीर सिंह तथा हमराही हरिओम, हर्षित प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।
हुलिए से पहचान की कोशिश
मृतक युवती की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। युवती के पहनावे और हुलिए के आधार पर पुलिस उसकी पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है। युवती ने नीले आसमानी रंग की जींस और सफेद डिजाइन वाली काली कुर्ती पहन रखी थी। उसके पैरों में गेरुआ रंग की चप्पलें थीं। प्रथम दृष्टया शव कुछ समय पुराना प्रतीत हो रहा है, जो नदी के बहाव के साथ बहकर यहाँ पहुँचा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के जनपदों एवं थानों में भी युवती की शिनाख्त के लिए सूचना प्रसारित कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती कहाँ की रहने वाली थी तथा किन परिस्थितियों में नदी तक पहुँची।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को युवती के हुलिए के आधार पर कोई जानकारी हो तो तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें।
जिला क्राईम रिपोर्टर -अनूप मिश्रा













