कानपुर देहात केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम के अंतर्गत नगर पंचायत अकबरपुर में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर “एक वृक्ष माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान, विशेष सफाई अभियान तथा “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद देवेन्द्र सिंह भोले रहे। उनके साथ नगर पंचायत अकबरपुर के चेयरमैन, नगर पंचायत शिवली के चेयरमैन, नगर पंचायत अकबरपुर के अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश देते हुए पौधरोपण किया गया तथा उपस्थित जनसमुदाय से अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।
इसके उपरांत विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं सफाई गतिविधियों में सहभागिता करते हुए आमजन को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में जनसहभागिता की महत्ता पर बल दिया गया।
साथ ही “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही सुनिश्चित की गई। उपस्थित अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सांसद देवेन्द्र सिंह भोले ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।













