वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में 83.85 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद बना अव्वल
कानपुर देहात बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी विमल कुमार ने बताया कि जनपद कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक)/उपसंचालक चकबन्दी दिग्विजय कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में चकबन्दी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से जनपद में चकबन्दी कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लम्बित मामलों के त्वरित निस्तारण के परिणामस्वरूप कानपुर देहात ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चकबन्दी निदेशालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की जारी रैंकिंग में जनपद कानपुर देहात को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मा० चकबन्दी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में प्रदेश के सभी जनपदों में चकबन्दी कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन कराया गया। इस मूल्यांकन में धारा-10, धारा-23, धारा-24 एवं धारा-52 के अंतर्गत किए गए कार्यों तथा चकबन्दी संबंधी वादों के निस्तारण को आधार बनाया गया। प्रदेश स्तर पर जहां औसत प्रगति 60 प्रतिशत रही, वहीं कानपुर देहात ने 83.85 प्रतिशत अंक अर्जित करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चक पुष्टिकरण, कब्जा परिवर्तन एवं शिकायत निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन
चकबन्दी प्रक्रिया के अंतर्गत जनपद के विभिन्न ग्रामों में चक पुष्टिकरण, चकों के कब्जा परिवर्तन संबंधी कार्यों को सफलतापूर्वक संपादित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कर धारा-52 का प्रकाशन कराया गया।जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की सतत निगरानी की गई, जिसके फलस्वरूप न केवल चकबन्दी कार्यों की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार हुआ, बल्कि प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने में भी सफलता प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त आईजीआरएस एवं हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुना गया तथा उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया। इससे किसानों के बीच चकबन्दी प्रक्रिया के प्रति विश्वास बढ़ा और कार्यों में आने वाली बाधाओं को समय रहते दूर किया जा सका। बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी ने कहा कि चकबन्दी विभाग, कानपुर देहात के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूदा वित्तीय वर्ष में भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित करते हुए जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान पर बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।













