कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जून 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना मंगलपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री के ससुराल पक्ष के लोग शादी में दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और अतिरिक्त दहेज के रूप में चार पहिया वाहन तथा 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर पीड़िता के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि 7 जून 2026 को आरोपियों ने पीड़िता का गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में थाना मंगलपुर पर मुकदमा संख्या 150/2026 धारा 85/80(2)/115(2)/352/351(3) बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत नौ नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मोहित पुत्र स्वर्गीय राम किशोर निवासी सबलपुर सौरापुर, थाना मंगलपुर को औरंगाबाद रोड स्थित सैय्यद बाबा मजार के पास बंबा पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश एवं विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित मामले दर्ज हैं।










