कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत रसूलाबाद के अंतर्गत वार्ड संख्या-07, सुभाष नगर (मलिन बस्ती) में जन जागरूकता कैंप एवं सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत जन संवाद, एक पेड़ माँ के नाम अभियान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को प्रदान की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी की जिला अध्यक्ष रेणुका सचान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को सरकार की जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा जनसंवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला मंत्री, भाजपा जितेन्द्र त्रिपाठी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता करते हुए योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत रसूलाबाद के अध्यक्ष देवशरण सिंह, अधिशासी अधिकारी कुल कमल सिंह तथा वरिष्ठ लिपिक अमित कुमार उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष विभून्द्र प्रताप सिंह, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राममहेश वर्मा, नगर पंचायत सदस्यगण शिवकुमार, विजयपाल, अंकुर भदौरिया, विनोद गुप्ता एवं राम आसरे राजपूत सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया।














