झीझक कानपुर देहात। झींझक ब्लॉक के कठिका गांव में पेयजल टंकी निर्माण स्थल पर कार्यरत एक मजदूर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के कछलिया निवासी 42 वर्षीय दिनेश पुत्र स्वर्गीय बृजलाल के रूप में हुई है। वह कठिका गांव में 13 मई से चल रहे पानी की टंकी के निर्माण कार्य में रेलिंग बनाने का काम कर रहा था। शनिवार दोपहर बाद दिनेश की तबीयत अचानक खराब हो गई।सुपरवाइजर संजीव द्विवेदी निवासी सरवनखेड़ा ने बताया कि शाम करीब 5:15 बजे दिनेश को उसके साथी मजदूरों सुशील (गोंडाराव, हरदोई) और राम सिंह (बालामऊ, हरदोई) के साथ झींझक सीएचसी लाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उक्तव्यक्ति की मौत हो चुकी थी।साथी मजदूरों ने तत्काल मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। दिनेश अपने पीछे मां ब्रजरानी और भाई उमेश व अभिनेष को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर मंगलपुर थानाक्षेत्र के झींझक चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।














