रात में सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, हाईवे सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 

कालपी पुल पर डायवर्जन, जोल्हूपुर ओवरब्रिज और आटा टोल पर अलर्ट सिस्टम को लेकर दिए सख्त निर्देश

जालौन में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कल देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कालपी स्थित यमुना पुल, जोल्हूपुर चौराहा एवं आटा टोल प्लाजा पहुंचकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा उपायों तथा आमजन की सुविधा से जुड़े बिंदुओं का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कालपी स्थित यमुना पुल की मरम्मत कार्य को दृष्टिगत रखते हुए वैकल्पिक डायवर्जन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य के दौरान किसी भी स्थिति में आवागमन बाधित नहीं होना चाहिए तथा भारी वाहनों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जोल्हूपुर चौराहे पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में जाम एवं दुर्घटनाओं की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुचारु होगा। उन्होंने हाईवे किनारे संचालित उन दुकानों एवं मरम्मत केंद्रों पर भी नाराजगी जताई, जहां सड़क के किनारे ही ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों की मरम्मत की जा रही थी। जिलाधिकारी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे की जद में आने वाले ऐसे अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों को तत्काल हटाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। आटा टोल प्लाजा पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम को निरंतर सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश, सावधानियां एवं दुर्घटना रोकथाम संबंधी स्लोगन नियमित रूप से प्रसारित किए जाएं। साथ ही टोल प्लाजा कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि रात्रि के समय गुजरने वाले वाहन चालकों से संवाद स्थापित कर उन्हें थकान की स्थिति में रेस्ट एरिया में विश्राम करने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामूहिक जागरूकता का विषय है। थोड़ी सी सावधानी और सतर्कता अनेक अमूल्य जीवन बचा सकती है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मनोज सिंह, खनन अधिकारी सन्नी कौशल, एआरटीओ प्रशासन सुरेश, प्रवर्तन राजेश कुमार, एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें