कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान में बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना, ट्रिपल राइडिंग करना, हेलमेट न पहनना तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई। जनपदीय पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में कुल 1192 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 5 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं को कम करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।










