सिकंदरा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत जल्लापुर में जल निकासी और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। गांव में गंदगी और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों और महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधान और पंचायत सचिव के खिलाफ रोष जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मियों की लापरवाही और ग्राम पंचायत की अनदेखी के कारण गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। गांव में बने तालाब की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई, जिससे तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर लोगों के घरों में घुस रहा है। गंदे पानी और कूड़े के ढेर से उठ रही दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और ग्राम प्रधान इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि गांव से निकलने वाले स्कूली बच्चे और स्कूल वाहन भी रास्ते से नहीं निकल पा रहे हैं। जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने जिला अधिकारी से मांग की है कि ग्राम पंचायत जल्लापुर में तालाब की तत्काल सफाई कराई जाए और नालियों की साफ-सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव में फैल रही गंदगी और बीमारियों से लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
साहिल कटियार
संवाददाता सिकंदरा
कानपुर देहात











