कानपुर देहात। सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया।
पुलिस उपाधीक्षक यातायात के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने थाना अकबरपुर क्षेत्र के 12 टोल प्लाजा पर शुक्रवार रात 08 बजे से 11 बजे तक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से चालकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा कुल 21 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।












